CM धामी ने किया स्पष्ट: केदारनाथ हेली सेवा पूरी तरह सुचारु रूप से चल रही है
उत्तराखंड में इस वर्ष की चारधाम यात्रा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जारी है। अब तक 4 लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन कर चुके हैं। प्रशासनिक निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर सुविधाओं के चलते इस बार यात्रियों को सहज अनुभव मिल रहा है। सरकार का दावा है कि यात्रा निर्बाध रूप से संचालित हो रही है और श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है।
विशेष रूप से श्री केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा भी पूरी तरह से चालू है। कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और अन्य माध्यमों पर हेलीकॉप्टर सेवा बंद होने से जुड़ी अफवाहें फैल रही थीं, जिन्हें प्रशासन ने पूरी तरह खारिज कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी स्पष्ट किया है कि यात्रा सामान्य रूप से संचालित हो रही है और हेली सेवाएं भी पूर्ववत जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यात्रियों के सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा अनुभव को सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। विभिन्न स्तरों पर निगरानी और सहायता की व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालु किसी भी कठिनाई की स्थिति में तुरंत मदद प्राप्त कर सकें।
सरकार ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 1364 और 0135-1364 भी जारी किया है। इन नंबरों पर कॉल कर यात्री किसी भी प्रकार की जानकारी, सहायता या मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं। राज्य आपदा प्रबंधन बल (SDRF), स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन और स्थानीय प्रशासन सभी एकजुट होकर इस पवित्र यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने में जुटे हुए हैं।
चारधाम यात्रा न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह उत्तराखंड की संस्कृति और पर्यटन की पहचान भी है। सरकार की कोशिश है कि हर श्रद्धालु को न केवल दर्शन का सौभाग्य मिले, बल्कि यह यात्रा उनके जीवन का सुखद और यादगार अनुभव भी बने।