रुद्रप्रयाग: भीरी-परकंडी मार्ग पर डंपर गहरी खाई में गिरा, चालक गंभीर रूप से घायल
रुद्रप्रयाग जनपद के भीरी-परकंडी मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां एक डंपर अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे चालक जितेन्द्र सिंह बिष्ट गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ, जब डंपर भीरी से परकंडी की ओर निर्माण सामग्री लेकर जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गया और सीधे खाई में जा गिरा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। चालक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। सड़क की हालत बेहद खराब है और जगह-जगह पर गड्ढे बने हुए हैं, जिससे वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। हादसे के बाद से ही क्षेत्र के लोग सड़क की खस्ता हालत को लेकर प्रशासन से नाराजगी जता रहे हैं। सड़क की जर्जर हालत और चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देने की वजह से यह हादसा हुआ।
