Uttarakhand

उत्तराखंड: नवविवाहित जवान की हार्ट अटैक से मौत, खुशियों भरा घर पल में सूना हुआ

उत्तराखंड के श्रीनगर (पौड़ी) क्षेत्र से दुखद खबर सामने आई है, जहां गढ़वाल राइफल्स में तैनात 26 वर्षीय जवान लोकेंद्र प्रताप का अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया। जवान की मौत ने पूरे गांव और परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है। खास बात यह है कि लोकेंद्र की शादी महज एक महीने पहले 8 जून को हुई थी, और नवविवाहित दंपति के जीवन की खुशियों में अचानक मातम छा गया।

गांव कटाखोली (पोस्ट नवाखाल) निवासी लोकेंद्र प्रताप, भगत सिंह के पुत्र थे और करीब 8 साल पहले सेना में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वे गढ़वाल राइफल्स की गब्बर सिंह कैंप, कौड़िया में ट्रेनिंग पर थे।

परिजनों के अनुसार, मंगलवार की रात करीब 11:30 बजे तक लोकेंद्र ने घरवालों से फोन पर बातचीत की, सब कुछ सामान्य था। लेकिन अगली सुबह जब साथी जवान उन्हें जगाने पहुंचे तो वे अचेत अवस्था में मिले। आनन-फानन में उन्हें सेना के चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।

जिस घर में कुछ ही दिन पहले शहनाइयों की गूंज थी, वहां अब रोने-बिलखने की आवाजें हैं। नवविवाहिता पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर है और लोग यकीन नहीं कर पा रहे कि हंसमुख और जिम्मेदार लोकेंद्र अब इस दुनिया में नहीं हैं।

सेना और प्रशासन की ओर से परिवार को सूचना दे दी गई है और अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *