RudraprayagUttarakhand

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा… गाड़ी के ऊपर गिरा बोल्डर… दो लोगों की मौत

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सोनप्रयाग-मुनकटिया के बीच पहाड़ी से अचानक गिरे भारी बोल्डरों की चपेट में एक यात्री वाहन आ गया। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक दुर्घटना में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में सवार अन्य यात्रियों को भी हल्की चोटें आई हैं।

उत्तरकाशी से आए थे यात्री
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि यह वाहन उत्तरकाशी से आया था और केदारनाथ यात्रा पर जा रहा था। सुबह सोनप्रयाग से गौरीकुंड के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में मुनकटिया के पास पहाड़ी टूट गई और बड़े-बड़े बोल्डर वाहन के ऊपर गिर पड़े। इससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

11 यात्री सवार थे वाहन में
अधिकारियों के अनुसार, वाहन में कुल 11 लोग सवार थे। इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई। दो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जबकि अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। सभी यात्री उत्तरकाशी जिले के बताए जा रहे हैं।

राहत-बचाव कार्य जारी
हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंच गया। भारी बोल्डरों को हटाने और सड़क पर यातायात बहाल करने का काम भी शुरू कर दिया गया है। प्रशासन ने मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *