देहरादून Cloudburst: टपकेश्वर महादेव में शिवलिंग जलमग्न… अब तक दो लोगों की मौत की खबर
देहरादून में देर रात भारी बारिश और बादल फटने से हालात बिगड़ गए हैं। टपकेश्वर महादेव मंदिर में बड़ा असर देखने को मिला, जहां मंदिर परिसर से बहने वाली नदी का जलस्तर अचानक इतना बढ़ गया कि शिवलिंग पूरी तरह जलमग्न हो गया।
दो की मौत, कई लापता
प्रशासन ने पुष्टि की है कि इस आपदा में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कुछ लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। SDRF और पुलिस की टीमें लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। ग्रामीण इलाकों से भी पानी भरने और नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं।
मंदिर परिसर में अफरा-तफरी
बादल फटने के तुरंत बाद मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। तेज़ धारा के कारण कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में दिक्कतें आईं। मंदिर समिति ने लोगों से अपील की है कि मौसम सामान्य होने तक दर्शन के लिए न आएं।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने देहरादून और आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटे तक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग ने लोगों से नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी है।
रायपुर थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि घटना रात करीब साढ़े 12 से एक बजे के बीच की है जब आईटी पार्क के पास अचानक मलबा आ गया। सूचना मिलते ही तुरंत बड़ी मात्रा में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इसके बाद एनडीआरएफ व एसडीआरएफ को भी मौके पर बुला लिया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। अभी तक किसी भी तरह की जनहानि की खबर नहीं है।
मसूरी के झड़ीपानी में सोमवार देर रात भारी बारिश से मजदूरों के आवास के ऊपर मलबा आ गया। घटना में एक मजदूर की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल मजदूर को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। शहर कोतवाल संतोष कुंवर ने बताया कि बारिश का पानी और मलबा मजदूरों के कच्चे आवास के ऊपर आ गया। इससे एक मजदूर की दबने से मौके पर ही मौत हो गई और एक मजदूर घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
पुल और सड़कें ध्वस्त
पेट्रोलियम यूनिवर्सिटी को जोड़ने वाला पुल बह गया, यूनिवर्सिटी ने छुट्टी घोषित की।
प्रेमनगर के पास नंदा की चौकी पर राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा टूटा।
मसूरी-देहरादून मार्ग, कोल्हुखेत और झड़ीपानी टोल के पास सड़कें टूटीं, पर्यटक और स्थानीय फंसे।
देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर लालतप्पड़ के पास जाकन नदी पुल पर पानी पुल के ऊपर तक पहुंचा।
