Uttarakhand

बदरी-केदार में आज दिवाली की रौनक, गेंदे के फूलों और गुलाब की सजावट से खिला धाम

बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में इस बार दीपावली की खास रौनक देखने को मिलेगी। सोमवार को मनाए जाने वाले दीपोत्सव के लिए दोनों धामों को गेंदे और गुलाब के फूलों से भव्य रूप से सजाया गया है।

बदरीनाथ धाम में करीब 12 क्विंटल गेंदे के फूलों से मंदिर को सजाया गया है। साथ ही गुलाब व अन्य फूलों से आकर्षक आकृतियाँ बनाई गई हैं जो धाम की शोभा को और बढ़ा रही हैं। यह फूलों की व्यवस्था मुंबई के एक श्रद्धालु द्वारा कराई गई है।

बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि दीपावली के अवसर पर मंदिर परिसर और मार्गों को दीपों से सजाया गया है। इस दिन माता लक्ष्मी, कुबेर जी और भगवान बदरीविशाल की विशेष पूजा की जाएगी। धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का कहना है कि फूलों से सजा बदरीनाथ मंदिर भव्य और मनमोहक लग रहा है।

दीपोत्सव में तीर्थ पुरोहित, हक-हकूकधारी और स्थानीय लोग मिलकर दीप प्रज्ज्वलन करेंगे। बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि यह पर्व धार्मिक आस्था और परंपरा के साथ हर वर्ष उत्साहपूर्वक मनाया जाता है।

केदारनाथ में भी दिखी पुष्प-सज्जा की छटा

केदारनाथ मंदिर में कपाट बंद होने की प्रक्रिया के तहत रविवार को गर्भगृह से सोने का छत्र और कलश उतार लिया गया। इससे पहले भकुंट भैरव की आज्ञा ली गई और विशेष पूजा संपन्न कराई गई।

सोमवार से भगवान केदार की आरती बिना श्रृंगार के सूक्ष्म रूप में की जाएगी। पंचपंडा रुद्रपुर के हक-हकूकधारियों ने इस पारंपरिक प्रक्रिया को पूरा किया।

दीपोत्सव से पहले मंदिर को तीन क्विंटल गेंदे के फूलों से सजाया गया है। केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने बताया कि कपाट बंद होने से पूर्व हर वर्ष की तरह इस बार भी मंदिर को फूलों से सजाकर भव्य रूप दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *