DehradunUttarakhand

ऋषिकेश आश्रम में तनु रावत का अश्लील डांस VIDEO वायरल, हिंदू संगठनों ने जताया विरोध

ऋषिकेश की मशहूर सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर तनु रावत एक बार फिर अपनी एक इंस्टाग्राम रील को लेकर विवादों में हैं। बताया जा रहा है कि हाल ही में उन्होंने एक आश्रम परिसर में शॉर्ट्स पहनकर वीडियो शूट किया था, जिसके बाद हिंदू संगठनों ने कड़ा विरोध जताया है।

बीती रात राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के पदाधिकारी तनु रावत के घर पहुंचे और इस वीडियो पर आपत्ति जताई। इस दौरान तनु रावत और संगठन के सदस्यों के बीच काफी तीखी बहस भी हुई।

संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि यह वीडियो अशोभनीय है और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाता है। उनका आरोप है कि जिस स्थान पर वीडियो बनाया गया, वह जय राम योग आश्रम है — जिसका उद्घाटन स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने किया था। संगठन का दावा है कि अब आश्रम में बने फ्लैट्स बाहरी लोगों को किराए पर दे दिए गए हैं, और वहीं पर ऐसे वीडियो शूट किए जा रहे हैं।

प्रदेश अध्यक्ष राघव भटनागर के अनुसार, तनु रावत इसी आश्रम के एक फ्लैट में रहती हैं और अक्सर छोटे कपड़ों में कॉरिडोर और छत पर रीलें बनाती हैं। उन्होंने कहा कि “यह स्थान धार्मिक है, राम के नाम से जुड़ा हुआ है, लेकिन वहां अब भक्ति नहीं, रील कल्चर हावी हो गया है।”

तनु रावत ऋषिकेश की जानी-मानी डांसर और यूट्यूबर हैं। वे शिव और कृष्ण भक्ति से जुड़े डांस रील्स के लिए प्रसिद्ध हैं। उनके YouTube पर 4.55 मिलियन सब्सक्राइबर और Instagram पर 5 मिलियन फॉलोअर्स हैं। हर वीडियो पर लाखों व्यूज आते हैं, और उनकी मासिक कमाई लगभग 15 से 20 लाख रुपये बताई जाती है। भक्ति और ग्लैमर के मिश्रण के कारण वे अक्सर सोशल मीडिया पर ट्रेंड में रहती हैं।

क्या ऋषिकेश ‘कसोल’ की राह पर बढ़ रहा है?

यह विवाद केवल एक वीडियो तक सीमित नहीं, बल्कि एक बड़े सांस्कृतिक बदलाव की चेतावनी भी माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कभी साधना और अध्यात्म का केंद्र रहा ऋषिकेश अब सोशल मीडिया शूट्स और पार्टी कल्चर का नया ठिकाना बनता जा रहा है।

हिमाचल का कसोल जिस तरह युवाओं के बीच पार्टी डेस्टिनेशन बन चुका है, वैसी ही तस्वीर अब ऋषिकेश में भी दिखने लगी है।
यदि प्रशासन और समाज ने संतुलन नहीं बनाया, तो “धर्मनगरी ऋषिकेश” भी जल्द ‘कसोल’ की राह पर चल पड़ सकती है, जहां भक्ति की जगह “रील और रेव” संस्कृति हावी हो जाएगी।