Uttarakhand

लंदन की मेलोडी ने रुद्रप्रयाग के अक्षय के संग लिए सात फेरे… बार्सू में हिंदू रीति से रचाया विवाह

भारतीय संस्कृति और उत्तराखंड की परंपराओं का आकर्षण न केवल देशवासियों को बल्कि विदेशी युवाओं को भी अपनी ओर खींच रहा है। इसका ताज़ा उदाहरण भटवाड़ी ब्लॉक के प्रसिद्ध पर्यटक गांव बार्सू में देखने को मिला, जहां लंदन की मेलोडी और रुद्रप्रयाग जाखणी निवासी अक्षय नेगी ने श्रीवासुकी नाग देवता मंदिर परिसर में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लेकर जीवनसाथी बनने का संकल्प लिया।

शनिवार को आयोजित इस विशिष्ट समारोह में बार्सू गांव के ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से मेहमानों का स्वागत किया। पूरा विवाह उत्तराखंड की सांस्कृतिक झलक, लोकपरंपरा और धार्मिक परंपराओं से सराबोर रहा। विवाह संस्कार रुद्रप्रयाग से आए पंडित अजय नौटियाल और वधु पक्ष से पंडित राजीव नौटियाल द्वारा पूरा कराया गया।

इस विवाह में दुल्हन के परिवार के लुईस बॉन, केजी बॉन, एलएस बुश सहित तीस विदेशी मेहमान शामिल हुए। विदेशी मेहमानों ने उत्तराखंडी संस्कृति, लोकगीतों और पारंपरिक नृत्य का खूब आनंद लिया। ग्रामीणों ने गढ़वाली परंपरा के अनुसार बारातियों का आदर-सत्कार किया और विवाह रस्मों को पूरे रीति-रिवाज के साथ संपन्न कराया। दुल्हन को पारंपरिक ‘डोली’ में विदा करना समारोह का मुख्य आकर्षण रहा।

दूल्हे की दादी चंद्रा देवी, माता दीपा नेगी और परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। अक्षय नेगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “वेडिंग डेस्टिनेशन उत्तराखंड” के विज़न से प्रेरित होकर उन्होंने बार्सू जैसे सुंदर पर्यटक गांव में विवाह करने का निर्णय लिया।

अक्षय और मेलोडी दोनों ट्रैकिंग कार्य से जुड़े रहे हैं और कई बार बार्सू, दयारा बुग्याल और सूर्य टॉप में पर्यटकों को लेकर आए थे। मेलोडी ने बताया कि उन्होंने बार्सू में एक पारंपरिक शादी देखी थी और तभी मन में संकल्प लिया कि वह भी इसी गांव के श्रीवासुकी नाग मंदिर में विवाह करेंगी। अंततः उनका यह सपना पूरा हुआ और दोनों ने गढ़वाली संस्कृति के बीच विवाह कर नई जिंदगी की शुरुआत की।