DehradunUttarakhand

‘ये कश्मीर नहीं है’ कहकर हमला, देहरादून में कश्मीरी युवकों से मारपीट का मामला

देहरादून में दो कश्मीरी युवकों के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक दुकानदार ने धर्म और पहचान पूछने के बाद दोनों युवकों के साथ गाली-गलौज की और फिर लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया। पीड़ितों का कहना है कि घटना के दौरान आसपास मौजूद कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और लाठी-डंडों व रॉड से दोनों को बेरहमी से पीटा गया।

पीड़ित युवकों के अनुसार, जैसे ही दुकानदार को पता चला कि वे मुस्लिम हैं और कश्मीर से ताल्लुक रखते हैं, उसका व्यवहार अचानक बदल गया। पहले उसने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया और फिर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने मारपीट के दौरान नफरत भरे नारे भी लगाए और कहा, “ये कश्मीर नहीं है, यहां कश्मीरी नहीं चलेंगे। ये मुस्लिम हैं, इन्हें जिंदा मार दो। तुमने पहलगाम में हमारे लोगों को मारा है, अब तुम्हें बताएंगे।”

घायल युवकों ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट करने वालों में दुकानदार के साथ एक महिला भी शामिल थी, जो हमलावरों का साथ दे रही थी। हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ितों के बयान दर्ज किए। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल इस घटना ने इलाके में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्क नजर आ रही है।