सीएम धामी ने अपने खेत की उपज का चावल पूर्व सीएम हरीश रावत को किया भेंट, सियासत से ऊपर दिखी आत्मीयता
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राजनीतिक शिष्टाचार और सांस्कृतिक परंपरा का एक अनोखा उदाहरण पेश किया। कुछ माह पूर्व जिस खेत में स्वयं हल चलाकर उन्होंने धान की रोपाई की थी, उसी फसल से तैयार चावल उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को भेंट किए। यह भेंट ऐसे समय की गई है जब खेत में हल चलाने को लेकर उस दौरान पूर्व सीएम हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पर सियासी तंज कसा था।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के देहरादून स्थित डिफेंस कॉलोनी आवास पहुंचे और उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान उन्होंने अपने खेत में उत्पादित धान से बने चावल हरीश रावत को भेंट स्वरूप दिए। मुख्यमंत्री का यह कदम राजनीतिक मतभेदों के बावजूद आपसी सम्मान और सौहार्द का संदेश देता है।
उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले मुख्यमंत्री धामी द्वारा खेत में हल चलाने और धान की रोपाई किए जाने पर इसे राजनीतिक दिखावा बताते हुए हरीश रावत ने सार्वजनिक रूप से टिप्पणी की थी। हालांकि, शुक्रवार को मुख्यमंत्री स्वयं अपने खेत की उपज लेकर पूर्व मुख्यमंत्री के घर पहुंचे, तो इस भेंट ने राजनीति से इतर आत्मीयता और मानवीय संवेदनाओं का भी संकेत दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह भेंट उत्तराखंड की कृषि परंपरा, किसानों की मेहनत और स्थानीय उत्पादों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राज्य की संस्कृति और अन्नदाता किसानों की मेहनत को सम्मान देना सरकार की प्राथमिकता है। यह पहल ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के संदेश को भी मजबूती देती है।
राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात और भेंट को सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है। इसे एक ऐसा संदेश माना जा रहा है जिसमें राजनीतिक मतभेदों के बावजूद आपसी सम्मान और संवाद की भावना झलकती है।
