देहरादून में दोस्त बने हत्यारे: रेसकोर्स में युवक की हत्या, शव हरिद्वार ले जाकर ठिकाने लगाने की कोशिश
राजधानी देहरादून के थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के रेसकोर्स इलाके से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि युवक की हत्या उसके ही तीन दोस्तों ने की। वारदात के बाद आरोपी शव को हरिद्वार ले जाकर ठिकाने लगाने की कोशिश करते रहे। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
कोर्ट में पेशी के बाद गायब हुआ युवक
जानकारी के अनुसार पोक्सो एक्ट के एक मामले में आरोपी दिगंबर धीमान 9 फरवरी को अपने पिता के साथ देहरादून कोर्ट में पेशी पर पहुंचा था। उसने कोर्ट रजिस्टर में हस्ताक्षर भी किए, लेकिन उस दिन उसके बयान दर्ज नहीं हो सके। शाम को कोर्ट से निकलते समय उसने अपने पिता को घर भेज दिया और कहा कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएगा।
लेकिन देर रात तक उसके घर न लौटने पर परिजन चिंतित हो गए और तलाश शुरू की गई।
दोस्तों के साथ बैठकर की शराब पार्टी
पुलिस जांच में सामने आया कि कोर्ट से निकलने के बाद दिगंबर रेसकोर्स क्षेत्र स्थित गड्ढा कॉलोनी के पास अपने तीन दोस्तों के साथ बैठा था। चारों ने साथ में शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपसी कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
बेसबॉल बैट से किया जानलेवा हमला
जांच के मुताबिक झगड़े के दौरान एक युवक ने बेसबॉल बैट से दिगंबर के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद तीनों आरोपी घबरा गए।
साक्ष्य मिटाने के लिए शव हरिद्वार ले गए
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को एक वाहन में डाला और हरिद्वार की ओर रवाना हो गए। वहां शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई। हालांकि पुलिस को घटना की भनक लगते ही जांच तेज कर दी गई।
पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं
नगर कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
इस घटना के बाद रेसकोर्स क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है।
