देवभूमि शर्मसार: चमोली में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
उत्तराखंड में बढ़ते आपराधिक मामलों के बीच चमोली जिले के गोपेश्वर से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां 15 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। प्रदेश में पहले से ही हत्या, दुष्कर्म और गुंडागर्दी की बढ़ती घटनाओं को लेकर चिंता जताई जा रही है, ऐसे में यह मामला कानून-व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी को पीड़िता के पिता ने कोतवाली गोपेश्वर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 23 फरवरी की रात कुण्ड कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय युवक गौरव सेंजवाल उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और घटना का खुलासा करने पर जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65, 137(2), 315(3) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5/6 के तहत मामला दर्ज किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। चमोली पुलिस का कहना है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
प्रदेश में हालिया घटनाओं ने महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है। प्रशासन का दावा है कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं और महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल है।
