RudraprayagUttarakhand

रुद्रप्रयाग शर्मसार: उत्तराखंड में नाबालिग छात्रा बनी मां, दुष्कर्म की आशंका पर POCSO में केस दर्ज

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है। 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली 16 वर्षीय छात्रा ने बच्ची को जन्म दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पुलिस को इस मामले में दुष्कर्म की आशंका है, जिसके चलते अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि छात्रा को पथरी की शिकायत थी। परिजन उसे जांच के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग लेकर पहुंचे थे। जांच के दौरान डॉक्टरों को उसके गर्भवती होने की जानकारी मिली, जिससे सभी हैरान रह गए। इसके बाद छात्रा को उच्च केंद्र श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया, जहां अल्ट्रासाउंड में गर्भावस्था की पुष्टि हुई और उसने एक बच्ची को जन्म दिया।

अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना तत्काल बाल कल्याण समिति को दी। समिति के निर्देश पर नवजात शिशु को स्पेशल एडॉप्शन एजेंसी रुद्रप्रयाग को सौंप दिया गया है। फिलहाल बच्ची एजेंसी की देखरेख में सुरक्षित है। दो महीने बाद केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) पोर्टल के माध्यम से वैधानिक दत्तक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

दूसरी ओर, नाबालिग के साथ दुष्कर्म की आशंका को देखते हुए मामला संवेदनशील हो गया है। छात्रा ने अब तक किसी आरोपी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। वन स्टॉप सेंटर की ओर से अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज करने की पुष्टि की गई है। पुलिस और प्रशासन पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।

जिले में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और अब सबकी नजरें पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।