National

कट्टरता पर बोलना पड़ा भारी? यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर चाकू से हमला… हालत नाजुक

गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र स्थित अली गार्डन कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। मुस्लिम समाज की कुरीतियों और कट्टरता के खिलाफ आवाज उठाने वाले सलीम अहमद उर्फ सलीम वास्तिक पर अज्ञात हमलावरों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल (जीटीबी अस्पताल) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

नमाज के बाद हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, सलीम अहमद शुक्रवार सुबह नमाज अदा कर अपने घर में बने कार्यालय में बैठे हुए थे। इसी दौरान दो हमलावर हेलमेट पहनकर वहां पहुंचे और धारदार हथियार से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावरों ने उनके गले, पेट और कान के नीचे चाकू से वार किए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

यूट्यूब चैनल को लेकर रंजिश की आशंका

सलीम अहमद “सलीम वास्तविक 0007” नाम से यूट्यूब चैनल चलाते हैं, जिसके माध्यम से वह मुस्लिम समाज में फैली कुरीतियों और कट्टरता के खिलाफ अपने विचार रखते रहे हैं। परिजनों का कहना है कि इसी वजह से कुछ लोग उनसे रंजिश रखते थे।

बेटे ने जताया शक

घटना की सूचना मिलते ही पड़ोसी और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को पहले नजदीकी 50 शैय्या संयुक्त अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर दिल्ली रेफर कर दिया गया।

पीड़ित के बेटे उस्मान ने पांच लोगों पर हमले का शक जताते हुए सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस जांच में जुटी

लोनी के एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है।