हरिद्वार के होटल में महिला से गैंगरेप, होटल मैनेजर समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
हरिद्वार में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पीड़िता उत्तर प्रदेश के बिजनौर की रहने वाली बताई जा रही है, जो अपने पति से मिलने हरिद्वार आई थी। उसका पति सिडकुल क्षेत्र की एक फैक्ट्री में कार्यरत है।
पुलिस के मुताबिक, बस अड्डे के पास एक ऑटो चालक ने महिला को बहला-फुसलाकर अपने वाहन में बैठा लिया। कुछ दूरी तय करने के बाद उसे एक कार में बैठा दिया गया। आरोप है कि कार चालक महिला को शिवमूर्ति गली स्थित एक होटल में ले गया, जहां ऑटो चालक भी पहुंच गया। महिला का कहना है कि होटल के कमरे में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर महिला सीधे शहर कोतवाली पहुंची और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत मिलते ही कोतवाली प्रभारी रितेश शाह के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई और तुरंत जांच शुरू की गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रेसिंग के आधार पर नहर पटरी क्षेत्र से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक कार चालक, एक ऑटो चालक और होटल का मैनेजर शामिल है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर कोतवाली क्षेत्र के कई होटल संचालकों से भी पूछताछ की गई। करीब 23 घंटे तक होटल रजिस्टर, आईडी सत्यापन और सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
