DehradunUttarakhand

देहरादून में भजन सुनने पर विवाद: हिंदू महिला की पिटाई का आरोप, काली सेना ने किया हनुमान चालीसा पाठ

देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित मंदाकिनी विहार में धार्मिक भजन को लेकर शुरू हुआ विवाद शनिवार को और अधिक चर्चा में आ गया, जब काली सेना के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे। संगठन ने विशेष समुदाय के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए संबंधित दुकान के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ किया और पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले से सतर्क दिखाई दिया। किसी प्रकार की अप्रिय घटना या टकराव की आशंका को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस ने संबंधित दुकान को अस्थायी रूप से बंद भी करवा दिया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि क्षेत्र की एक हिंदू महिला अपने घर के पास धार्मिक भजन सुन रही थी। इसी दौरान पास में ब्यूटी पार्लर चलाने वाली विशेष समुदाय की महिला और उसके पति ने इसका विरोध किया। आरोप है कि बाद में अन्य लोगों को बुलाकर महिला के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

भूपेश जोशी ने कहा कि पीड़ित महिला और उसके परिवार को लंबे समय से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

प्रदर्शन के दौरान संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें अजय कक्त्वान, अनूप कक्त्वान, निखिल प्रताप, वैभव, राजेश रावत, अजय नेगी और राकेश कैंतुरा शामिल रहे।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।