Uttarakhand

लखनऊ हादसा: कोचिंग में आग लगने से 15 स्टूडेंट्स की दर्दनाक मौत, 5 के अब भी फंसे होने की आशंका

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक बहुमंजिला व्यावसायिक भवन में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग उस समय लगी जब दूसरी मंजिल पर स्थित लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर में बड़ी संख्या में छात्र पढ़ाई कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही पूरे भवन में धुआं भर गया और छात्रों के बीच अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कई छात्रों ने जान बचाने के लिए खिड़कियों और बालकनी से छलांग लगा दी। कुछ छात्र धुएं से बचने के लिए बाथरूम में छिप गए थे, जबकि एक छात्र ऊपरी मंजिल से कूदते समय नीचे लगी लोहे की ग्रिल पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। बचाव कार्य में हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल किया गया। SDRF, NDRF और स्थानीय प्रशासन की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। फायरकर्मियों ने भवन के पिछले हिस्से की दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश की।

प्रशासन के अनुसार भवन के बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल पर पेट शॉप तथा क्लीनिक संचालित हो रहे थे, जबकि दूसरी मंजिल पर “लर्निंग स्पेस” नाम की लाइब्रेरी एवं कोचिंग सेंटर और एक 3D आर्ट एवं गेमिंग स्टूडियो संचालित था। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका शॉर्ट सर्किट की जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए बड़ी संख्या में एम्बुलेंस तैनात की गई हैं। राहत एवं बचाव कार्य देर शाम तक जारी रहा और प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरा बनाकर सील कर दिया।