International

ईरान पर US-इस्राइल का बड़ा हमला: खामेनेई और मंत्रियों के दफ्तर निशाने पर, 30 ठिकानों पर रॉकेट दागे

ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच इस्राइल ने तेहरान समेत कई स्थानों पर सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के अनुसार राजधानी तेहरान में जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं और शहर के कुछ हिस्सों में धुएं के गुबार उठते देखे गए। इस्राइली सेना ने हमलों का वीडियो भी जारी किया है।

समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, इस्राइल में भी सायरन बज रहे हैं और संभावित मिसाइल हमलों की चेतावनी जारी की गई है। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेहरान के डाउनटाउन इलाके में कई विस्फोट हुए। कुछ धमाके ईरान के मंत्रालयों और सरकारी प्रतिष्ठानों के आसपास हुए बताए जा रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालयों के पास विस्फोट हुए, हालांकि उस समय उनकी मौजूदगी की पुष्टि नहीं हो सकी है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर दबाव बढ़ाते हुए क्षेत्र में लड़ाकू विमान और युद्धपोत तैनात किए हैं। इस बीच इस्राइल ने इसे “पूर्वव्यापी कार्रवाई” (प्री-एम्पटिव अटैक) बताते हुए देशभर में विशेष आपातकाल की स्थिति घोषित कर दी है।

संभावित जवाबी हमलों की आशंका के चलते इस्राइल में स्कूल बंद कर दिए गए हैं, नागरिकों को घरों से काम करने और सुरक्षित स्थानों में रहने के निर्देश दिए गए हैं। रक्षा बलों ने मिसाइल और ड्रोन हमलों की आशंका जताई है। हवाई क्षेत्र को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार तेहरान के मेहराबाद एयरपोर्ट के आसपास भी धमाकों की आवाजें सुनी गईं। ईरानी मीडिया ने विस्फोटों की पुष्टि की है, हालांकि नुकसान और हताहतों के संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

क्षेत्र में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजरें इस तेजी से बदलते घटनाक्रम पर टिकी हैं।