महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 13 और 20 नवंबर को उपचुनाव भी होंगे
नई दिल्ली। मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) राजीव कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। इसके साथ ही देश के 47 विधानसभा सीटों और 2 लोकसभा सीटों (वायनाड और नांदेड़) पर उपचुनाव की भी घोषणा की गई है।
13 और 20 नवंबर को होंगे उपचुनाव
चुनाव आयोग के मुताबिक, 47 विधानसभा क्षेत्रों और 1 संसदीय क्षेत्र (वायनाड) के लिए 13 नवंबर को उपचुनाव होंगे। इसके अलावा उत्तराखंड के 1 विधानसभा क्षेत्र और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर 20 नवंबर को उपचुनाव होंगे। सभी उपचुनाव के नतीजे महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजों के साथ 23 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।
https://twitter.com/ANI/status/1846136725548020053
वायनाड में उपचुनाव क्यों?
वायनाड संसदीय सीट पर उपचुनाव का कारण कांग्रेस नेता राहुल गांधी का इस सीट से इस्तीफा है। लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी ने वायनाड और रायबरेली दोनों सीटों से जीत हासिल की थी, लेकिन उन्होंने रायबरेली सीट से संसद में जाने का फैसला किया, जिससे वायनाड सीट खाली हो गई। अब इस सीट पर 13 नवंबर को उपचुनाव होंगे। राहुल गांधी ने वायनाड में शानदार प्रदर्शन करते हुए सीपीआई की एनी राजा को 3,64,422 वोटों से हराया था।
महाराष्ट्र और झारखंड के साथ अन्य राज्यों में भी चुनाव
चुनाव आयोग ने बताया कि विभिन्न राज्यों की 47 विधानसभा सीटों पर 13 नवंबर को चुनाव होंगे, जबकि उत्तराखंड के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र और महाराष्ट्र की नांदेड़ लोकसभा सीट पर 20 नवंबर को उपचुनाव होंगे।