जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में धराली जैसी आपदा, अब तक 12 लोगों की मौत की खबर
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ ज़िले के पदर उपखंड के चिशोती गांव में बुधवार को बादल फटने की घटना हुई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। यह स्थान मचैल माता यात्रा मार्ग पर स्थित है। घटना के बाद गांव में अचानक आई बाढ़ ने कई घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, साथ ही लकड़ी का पुल और पीएमजीएसवाई पुल भी बह गए।
प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें राहत व बचाव कार्य में जुटी हैं। किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि यह इलाका मचैल माता यात्रा का शुरुआती बिंदु है और वर्तमान में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने उपायुक्त से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और कहा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है, साथ ही बचाव दल आवश्यक चिकित्सा एवं राहत सामग्री के साथ घटनास्थल की ओर रवाना हो चुके हैं।
विपक्ष के नेता सुनील कुमार शर्मा और स्थानीय विधायक ने भी प्रभावित क्षेत्र का दौरा कर राहत कार्यों की निगरानी की।
उपराज्यपाल कार्यालय ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि “चिशोती, किश्तवाड़ में बादल फटने की घटना दुखद है। प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है।” साथ ही सिविल प्रशासन, पुलिस, सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को बचाव और राहत कार्य तेज़ करने तथा पीड़ितों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए गए हैं।
