सऊदी अरब में उमरा यात्रियों की बस हादसे में 42 की मौत, अधिकांश हैदराबादी यात्री
सऊदी अरब में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया, जहां उमरा यात्रियों को लेकर जा रही एक बस डीज़ल टैंकर से टकरा गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई, जिससे 42 लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मरने वालों में अधिकांश भारतीय यात्री थे, जिनमें से कई हैदराबाद निवासी बताए जा रहे हैं।
तेलंगाना सरकार ने हादसे के बाद त्वरित कदम उठाते हुए कहा कि वह रियाद स्थित भारतीय दूतावास के लगातार संपर्क में है। सरकार द्वारा जारी बयान में बताया गया कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिल्ली में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे दूतावास के साथ मिलकर पीड़ितों की पहचान और आवश्यक औपचारिकताओं में सहायता करें।
हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वह हैदराबाद की दो ट्रैवल एजेंसियों से संपर्क में हैं और यात्रियों की जानकारी भारतीय दूतावास तक पहुंचाई गई है। ओवैसी ने रियाद में भारतीय दूतावास के डिप्टी चीफ ऑफ मिशन अबू मैथन जॉर्ज से भी बात की, जिन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन से जानकारी जुटाई जा रही है और जल्द ही विस्तृत अपडेट दिया जाएगा।
