Sports

सदियों तक गूंजेगी ये खेल भावना: मुल्डर ने 367 रन पर रोकी अपनी पारी, लारा का रिकॉर्ड तोड़ने से खुद को रोका

क्रिकेट में रनों का अंबार लगाना जितना बड़ा सपना है, उतना ही बड़ा सपना होता है इतिहास में अपना नाम दर्ज करवाना। लेकिन दक्षिण अफ्रीका के कप्तान वेन मुल्डर ने इस सपने को खुद से ही रोक लिया। उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन नाबाद 367 रनों की विस्फोटक पारी खेली, लेकिन जब वो ब्रायन लारा के 400* रनों के ऐतिहासिक रिकॉर्ड से सिर्फ 34 रन दूर थे, उन्होंने अपनी टीम की पारी 626 रनों पर घोषित कर दी।

यह फैसला चौंकाने वाला था – लेकिन इससे भी ज्यादा प्रेरणादायक।

खेल खत्म होने के बाद मुल्डर ने कहा, “मुझे लगा कि हम पर्याप्त रन बना चुके हैं और अब गेंदबाजी का समय है। दूसरा, ब्रायन लारा एक लीजेंड हैं। इस रिकॉर्ड को बनाए रखने के वे पूरी तरह हकदार हैं।”

उनके इस फैसले ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया। आज जब खिलाड़ी निजी उपलब्धियों और रिकॉर्ड्स के पीछे भागते हैं, वहां मुल्डर ने अपनी इच्छा, अपने सपने और इतिहास में दर्ज होने का मौका ठुकरा दिया — सिर्फ इसलिए कि वह खेल और एक दिग्गज खिलाड़ी के प्रति अपना सम्मान दिखा सकें।

आज के दौर में, जब वर्ल्ड कप का फाइनल दो बार टाई हो जाता है और विजेता का फैसला बाउंड्री काउंट से होता है, जब लोग टीम से ज़्यादा अपने पसंदीदा प्लेयर के रिकॉर्ड पर खुश होते हैं, तब मुल्डर का ये फैसला एक तमाचा है उस मानसिकता पर — जो खेल को सिर्फ आंकड़ों से मापती है, इंसानियत से नहीं।

वो मुल्डर ही थे, जो कप्तान भी थे। कोई उन्हें रोक नहीं सकता था। लेकिन उन्होंने खुद को ही रोक दिया। क्यों? क्योंकि उन्हें सिर्फ रन नहीं बनाने थे — उन्हें क्रिकेट की आत्मा को ज़िंदा रखना था।

अब जब भी क्रिकेट में खेल भावना की बात होगी, मुल्डर का नाम उसी सम्मान से लिया जाएगा, जैसे खेल के महान आदर्शों का लिया जाता है। उनका ये फैसला बताता है कि क्रिकेट सिर्फ बल्ले और गेंद का खेल नहीं, बल्कि एक चरित्र की परीक्षा भी है।

मुल्डर आगे जाकर और भी शतक, दोहरे शतक, रिकॉर्ड बना सकते हैं। लेकिन उनकी 367 रनों पर घोषित की गई पारी की चमक इतनी तेज़ है कि बाकी सब आंकड़े उसके आगे फीके लगते हैं।

वेन मुल्डर — अब सिर्फ एक बल्लेबाज नहीं, खेल भावना का चेहरा बन चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *