उत्तराखंड में भारी बारिश की संभावना, सीएम ने कहा- अनावश्यक यात्रा न करें
उत्तराखंड में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के भीतर पहाड़ी क्षेत्रों सहित कुछ मैदानी इलाकों में भारी से अत्यधिक वर्षा की चेतावनी जारी की है। इस अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों से सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से पीसीएस परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों से अनुरोध किया है कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए समय से पहले परीक्षा केंद्र के लिए रवाना हों। उन्होंने कहा, “आपकी सुरक्षा और परीक्षा, दोनों हमारे लिए प्राथमिकता हैं।”
राज्य सरकार ने मौसम की निगरानी के लिए सभी ज़रूरी इंतजाम कर लिए हैं और स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है और लगातार ज़मीनी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के कई हिस्सों में भूस्खलन और सड़कों के अवरुद्ध होने की घटनाएं सामने आई हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री ने जनता से संयम बरतने, अनावश्यक यात्रा से बचने और किसी भी आपदा की स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।
