Uttarakhand

टिहरी: 15 कांवड़ियों से भरे ट्रक का संतुलन बिगड़ा, एक की मौके पर मौत, कई गंभीर रूप से घायल

उत्तराखंड में कांवड़ यात्रा के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर जाजल और फकोट के बीच एक ट्रक सड़क पर पलट गया, जिसमें 15 कांवड़ यात्री सवार थे। इस दुर्घटना में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाकी यात्री घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के अनुसार, घायल यात्रियों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें उपचार के लिए तत्काल एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। वहीं, आठ घायलों का इलाज नरेंद्र नगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। एक अन्य घायल का उपचार फकोट के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया जा रहा है। एक यात्री को केवल मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

बताया जा रहा है कि सभी यात्री ऋषिकेश से गंगोत्री की ओर कांवड़ यात्रा पर निकले थे। हाईवे पर अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रक पलट गया। स्थानीय प्रशासन और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया। घायलों को एंबुलेंस से विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रा मार्गों पर ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने के निर्देश दिए हैं, ताकि आगे इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *