उत्तरकाशी आपदा: सीएम धामी पहुंचे ग्राउंड जीरो, पीड़ितों से मिले तो छलक उठीं भावनाएं
उत्तरकाशी जिले के धराली में आई प्राकृतिक आपदा के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद ग्राउंड जीरो पहुंचे। उन्होंने प्रभावित इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और आपदा से प्रभावित लोगों से सीधे मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन देते हुए राहत कार्यों की प्रगति पर विस्तृत समीक्षा की।
सीएम धामी ने मौके पर मौजूद राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी टीमों—भारतीय सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय स्वयंसेवकों—की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सहायता सामग्री समयबद्ध तरीके से हर प्रभावित परिवार तक पहुंचे और कोई भी मदद से वंचित न रहे।
राहत कार्यों को तेज़ करने के लिए दो हेलिकॉप्टरों के माध्यम से खाद्य व आवश्यक सामग्री धराली पहुंचाई जा रही है। वहीं, भारतीय वायुसेना के चिनूक हेलिकॉप्टर से भारी मशीनरी भेजी जा रही है, जिससे मार्ग मरम्मत, मलबा हटाने और अन्य जरूरी कार्य शीघ्र पूरे किए जा सकें।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण भी किया था। उन्होंने बताया कि अब तक 130 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकालकर राहत शिविरों में पहुंचाया गया है और राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल की जाए।
