RudraprayagUttarakhand

ग्रामसभा डमार-टेमरिया का होनहार, डॉक्टर चन्द्र बल्लभ ने की लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित लेब असिस्टेंट (उच्च शिक्षा) परीक्षा में भूगोल विषय के तहत रुद्रप्रयाग जनपद के होनहार डॉ. चन्द्र बल्लभ ने प्रदेशभर में दूसरा स्थान प्राप्त कर एक बार फिर अपने जिले और गांव डमार-टेमरिया का नाम रोशन किया है।

यह परीक्षा लोक सेवा आयोग द्वारा 27, 29 अप्रैल एवं 7, 8 मई 2024 को आयोजित की गई थी। कठिन प्रतिस्पर्धा और व्यापक पाठ्यक्रम के बावजूद डॉ. चन्द्र बल्लभ ने अपने गहन अध्ययन और वर्षों की मेहनत के बल पर यह सफलता पाई।

मूल रूप से रुद्रप्रयाग जनपद के अगस्त्यमुनि ब्लॉक के ग्राम टेमरिया निवासी डॉ. बल्लभ ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राथमिक विद्यालय टेमरिया से पूरी की। इसके बाद गवर्मेंट इंटर कॉलेज भीरी से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई की। उन्होंने डीबीएस (पीजी) कॉलेज, देहरादून से भूगोल विषय में स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की।

शैक्षणिक यात्रा यहीं नहीं रुकी। यूजीसी नेट और उत्तराखंड राज्य पात्रता परीक्षा (SET) में सफलता प्राप्त करने के बाद, उन्होंने गढ़वाल विश्वविद्यालय से वर्ष 2022 में पीएच.डी. की उपाधि हासिल की। उनका शोध कार्य प्रोफेसर अनिल पाल (डीबीएस पीजी कॉलेज, देहरादून) के निर्देशन में पूरा हुआ।

शैक्षणिक कार्यों के साथ-साथ डॉ. बल्लभ ने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिरला कैंपस (2022-23) और पौड़ी कैंपस (2023-24) में भूगोल विषय के गेस्ट फैकल्टी के रूप में अपनी सेवाएं दीं।

उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत परिश्रम का परिणाम है, बल्कि उत्तराखंड के उन युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद ऊँचे लक्ष्य हासिल करने का सपना देखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *