Uttarakhand

ऋषिकेश हादसा: नीलकंठ रोड पर ट्रक पर गिरी चट्टान… चालक समेत दो लापता, आवाजाही ठप

ऋषिकेश क्षेत्र में नीलकंठ मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र के गरुड़ चट्टी पुल से आगे करीब तीस मीटर लंबा सड़क का हिस्सा अचानक गिरी भारी चट्टान और मलबे से पूरी तरह बाधित हो गया। इस हादसे में वहां खड़ा एक ट्रक सीधा मलबे की चपेट में आ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक का टायर पंचर हो जाने के कारण चालक ने वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया हुआ था। इसी दौरान पहाड़ी से अचानक मलबा और पत्थर गिरने लगे, जिसने ट्रक को पूरी तरह दबा दिया। आशंका जताई जा रही है कि ट्रक मलबे के नीचे दबा है या संभवतः नदी में गिर गया है।

हादसे में ट्रक चालक और एक अन्य व्यक्ति लापता हैं। वहीं दो लोग घायल हुए हैं, जिनकी पहचान मुशीर निवासी टांडा भनेड़ा, मंगलौर, जिला हरिद्वार और अजीत निवासी सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।

थाना अध्यक्ष लक्ष्मण झूला संतोष पैथवाल ने बताया कि लापता व्यक्तियों की पहचान और पता लगाया जा रहा है। मौके पर जेसीबी मशीन लगाकर मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, लेकिन पहाड़ी से मलबा गिरने का खतरा अब भी बना हुआ है, जिसके चलते राहत और बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *