पौड़ी: युवक ने गोली मारकर की आत्महत्या, भाजपा नेता हिमांशु चमोली पर लगाए गंभीर आरोप
पौड़ी जनपद में शुक्रवार सुबह दर्दनाक घटना सामने आई। तलसारी गांव निवासी जितेंद्र सिंह नेगी (32 वर्ष) ने अपने ही घर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
आत्मघाती कदम उठाने से पहले जितेंद्र ने एक वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में उसने खुदकुशी का जिम्मेदार भाजपा नेता हिमांशु चमोली को ठहराया और गंभीर आरोप लगाए। वीडियो सामने आते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस व राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पौड़ी के एसएसपी लोकेश्वर सिंह ने बताया कि आत्महत्या के कारणों की स्पष्ट जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी भाजपा नेता हिमांशु चमोली को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।
