Uttarakhand

उत्तराखंड: BEd परीक्षा देने का अनोखा जज्बा, 4 छात्रों ने हेलीकॉप्टर से की 280 किमी की उड़ान… हुआ मोटा खर्चा

उत्तराखंड में तेज बारिश और बादल फटने से कई रास्ते बंद पड़े हैं। इसका असर बीएड परीक्षा देने जा रहे चार छात्रों पर भी पड़ा। पिथौरागढ़ में सड़कें बंद होने से उनके सामने बड़ी मुश्किल खड़ी हो गई थी। लेकिन इन छात्रों ने ऐसा कदम उठाया कि सोशल मीडिया पर हर कोई उनकी तारीफ कर रहा है।

सड़कें बंद, टैक्सीवालों ने किया मना

राजस्थान से पढ़ाई कर रहे चार छात्र – उमरम जाट, मगराम जाट, प्रकाश गोदारा जाट और लकी चौधरी – उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी से बीएड कर रहे हैं। सोमवार को ये छात्र मुनस्यारी पहुंचे थे और बुधवार को उनकी परीक्षा थी। लेकिन भारी बारिश के चलते हल्द्वानी-पिथौरागढ़ और टनकपुर-पिथौरागढ़ दोनों ही रास्ते बंद हो गए। टैक्सी ड्राइवरों ने भी उन्हें ले जाने से साफ मना कर दिया।

हेलीकॉप्टर बना सहारा

निराश छात्रों को लगा कि उनका साल बर्बाद हो जाएगा। तभी उन्हें पता चला कि हेरिटेज एविएशन मुनस्यारी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा देती है। सड़क से जहां हल्द्वानी से मुनस्यारी पहुंचने में 10 घंटे लगते हैं, वहीं हेलीकॉप्टर ने यह दूरी केवल 25–30 मिनट में तय कर दी।

जेब पर पड़ा भारी, पर बच गई परीक्षा

चारों छात्रों ने परीक्षा देने के लिए हेलीकॉप्टर का सहारा लिया। हर छात्र को 10,400 रुपये किराया देना पड़ा। हालांकि यह महंगा था, लेकिन समय पर परीक्षा देकर उनकी मेहनत और साल दोनों बच गए।

लकी चौधरी ने बताया – “हम समय पर मुनस्यारी पहुंचकर परीक्षा दे पाए और अगले दिन उसी हेलीकॉप्टर से वापस भी लौट आए। खर्च ज्यादा हुआ, लेकिन सबसे बड़ी राहत यही है कि परीक्षा छूटने से बच गई।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *