चमोली में बादल फटा: 6 घर मलबे में समाए, 3 लोग लापता
उत्तराखंड के चमोली जिले के नंदानगर क्षेत्र में बुधवार देर रात बादल फटने की भीषण घटना ने भारी तबाही मचाई। देर रात हुई इस प्राकृतिक आपदा ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है।
जानकारी के मुताबिक, नंदानगर के वार्ड कुन्तरि लगाफाली में लगातार भारी बारिश के बाद अचानक मलबा और पानी का सैलाब आ गया। इस आपदा में 6 मकान पूरी तरह से जमींदोज हो गए, जबकि आसपास के कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों और प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, पांच लोग लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है। राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए हैं और मलबे में दबे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है। ग्रामीण रातभर सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन करते रहे। वहीं, प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को तत्काल मदद और अस्थायी आश्रय उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बताया कि बारिश अभी भी जारी है, जिससे बचाव कार्य में कठिनाई आ रही है। आपदा प्रबंधन दल और पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है।
यह घटना एक बार फिर पहाड़ों में प्राकृतिक आपदाओं के बढ़ते खतरे की ओर इशारा करती है, जहाँ मानसून के दौरान हर साल बादल फटना और भूस्खलन आम होता जा रहा है।
