Uttarakhand

धामी कैबिनेट की बड़ी सौगात: महक क्रांति नीति समेत छह अहम प्रस्तावों को मंजूरी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में राज्यहित से जुड़े छह अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

महक क्रांति नीति को हरी झंडी
बैठक में सबसे अहम फैसला महक क्रांति नीति को मंजूरी देने का रहा। पहले चरण में 91,000 लाभार्थियों के जरिए 22,750 हेक्टेयर भूमि पर अरोमैटिक खेती को बढ़ावा मिलेगा।
डीजी सूचना बंशीधर तिवारी ने बताया कि अरोमैटिक पौधों पर अब सब्सिडी दी जाएगी। एक हेक्टेयर तक खेती करने वालों को 80% और इससे अधिक क्षेत्र पर 50% सब्सिडी मिलेगी।

कारागार ढांचे का पुनर्गठन
कैबिनेट ने उत्तराखंड कारागार विभाग के ढांचे का पुनर्गठन भी मंजूर किया। इसमें 27 स्थायी पदों के साथ कई पदों को आउटसोर्सिंग के तहत भरा जाएगा।

ईडब्ल्यूएस भवनों के लिए अतिरिक्त बजट
रुद्रपुर में पीएम आवास योजना के तहत बनाए जा रहे 1872 ईडब्ल्यूएस भवनों के लिए राज्य सरकार 27 करोड़ रुपये अतिरिक्त देगी।

शिक्षा विभाग में नए पद
दूरदर्शन के माध्यम से हो रहे शैक्षिक प्रसारण को मजबूती देने के लिए शिक्षा विभाग के अंतर्गत आठ नए पदों को स्वीकृति दी गई। एससीईआरटी द्वारा चलाया जा रहा यह चैनल उन छात्रों के लिए मददगार साबित होगा जो किसी कारण नियमित कक्षाओं में नहीं पहुंच पाते।

विशेष शिक्षा और टीईटी मामले पर निर्णय
कैबिनेट ने विशेष शिक्षा के पदों पर सितंबर 2017 से मार्च 2019 के बीच दूरस्थ शिक्षा से डीएलएड पास युवाओं को आउटसोर्सिंग के माध्यम से मौका देने का निर्णय लिया। साथ ही, राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट के टीईटी अनिवार्यता के फैसले के खिलाफ पुनर्विचार याचिका भी दाखिल करेगी।

दिव्यांग विवाह अनुदान में बढ़ोतरी
दिव्यांग से विवाह करने वालों को मिलने वाली आर्थिक सहायता को 25,000 रुपये से बढ़ाकर 50,000 रुपये कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *