AlmoraNainitalUttarakhand

अजीब मामला: नाबालिग के प्रसव के बाद मिठाई लेकर पहुंचा अल्मोड़ा का युवक, नैनीताल में मचा हंगामा

उत्तराखंड के नैनीताल जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सबसे हैरानी की बात यह रही कि बच्चे के जन्म की खबर मिलते ही आरोपी युवक खुद मिठाई लेकर अस्पताल पहुंच गया। पुलिस ने युवक को मौके से हिरासत में ले लिया है।

शुक्रवार सुबह अचानक बिगड़ी तबीयत

घटना मल्लीताल क्षेत्र की है। शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे किशोरी को पेट में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत बीडी पांडे अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने जांच की तो पता चला कि किशोरी नौ माह की गर्भवती है। इसकी जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचित किया।

अस्पताल में हुआ सामान्य प्रसव

थोड़ी ही देर में किशोरी ने सामान्य प्रसव के जरिए एक बच्चे को जन्म दिया। घटना की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। किशोरी के परिजन इस घटना से सन्न रह गए। इसी बीच आरोपी युवक अस्पताल पहुंचा और मिठाई बांटने लगा, लेकिन उसकी यह हरकत पुलिस की नजर से बच नहीं सकी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी अल्मोड़ा का निवासी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की पहचान सूरज नामक युवक के रूप में हुई है, जो अल्मोड़ा जिले के शीतलाखेत क्षेत्र का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह करीब तीन साल पहले नौकरी की तलाश में नैनीताल आया था और यहां एक रेस्टोरेंट में काम करता था।

फेसबुक से शुरू हुई थी पहचान

करीब दो साल पहले उसकी पहचान फेसबुक के जरिए नाबालिग किशोरी से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने किशोरी को अपने झांसे में लेकर शारीरिक संबंध बना लिए। इसी के बाद किशोरी गर्भवती हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उसके खिलाफ पॉक्सो अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल किशोरी और नवजात दोनों को चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।

किशोरी कक्षा 9वीं की छात्रा बताई जा रही है। उसके पिता एक होटल में कार्यरत हैं जबकि मां घरेलू कामकाज कर परिवार का भरण-पोषण करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *