RudraprayagUttarakhand

रुद्रप्रयाग का बेटा: रघुवीर लाल बनाए गए कानपुर के नए पुलिस कमिश्नर, 1997 बैच के आईपीएस अफसर हैं

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद के अगस्त्यमुनि ब्लॉक के मणिगुहग गांव के मूल निवासी आईपीएस अधिकारी रघुवीर लाल को उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से पूरे रुद्रप्रयाग जनपद में गर्व और उत्साह की लहर है।

1997 बैच के आईपीएस अधिकारी रघुवीर लाल वर्तमान में एडीजी (सुरक्षा) के पद पर तैनात थे। वह अखिल कुमार की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे, जिनका हाल ही में तबादला कर डिजिटल इंडिया कॉर्पोरेशन में प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर हुआ है।

रघुवीर लाल लंबे समय तक केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रह चुके हैं और लोकसभा सचिवालय की सुरक्षा में संयुक्त सचिव के रूप में अपनी सेवाएँ दे चुके हैं। लखनऊ में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने से पहले वे राजधानी के पहले और आखिरी एसपी (कानून व्यवस्था) भी रहे, जहां उन्होंने उत्कृष्ट कार्यशैली से अपनी छाप छोड़ी।

उनकी सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासनप्रियता ने उन्हें एक प्रेरणादायक अधिकारी के रूप में स्थापित किया है। अपने अब तक के कार्यकाल में रघुवीर लाल ने जहां भी सेवा दी, वहां जनता का भरोसा और कानून-व्यवस्था की मजबूती देखने को मिली।

उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि पूरे उत्तराखंड राज्य के लिए गौरव का क्षण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *