Uttarakhand

आज बंद होंगे हेमकुंड साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट, बर्फ की चादर में लिपटा पूरा क्षेत्र

सिखों के पवित्र तीर्थ स्थल हेमकुंड साहिब और लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट आज, 10 अक्तूबर (शुक्रवार) को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। बर्फ से ढके इस पवित्र धाम में कपाट बंद होने की सभी तैयारियां हेमकुंड साहिब ट्रस्ट की ओर से पूरी कर ली गई हैं।

सुबह 10 बजे सुखमणी साहिब के पाठ के साथ कपाट बंद होने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद कीर्तन और अरदास के पश्चात गुरुग्रंथ साहिब जी को सचखंड में सुशोभित किया जाएगा। दोपहर एक बजे हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। वहीं, लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट 12 बजकर 31 मिनट पर बंद होंगे।

हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने बताया कि इस अवसर पर इस साल की अंतिम अरदास की जाएगी, जिसके साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु घांघरिया पहुंच चुके हैं।

इस साल हेमकुंड साहिब यात्रा 25 मई को शुरू हुई थी और 10 अक्तूबर को समाप्त हो रही है। इस तरह 139 दिन तक चली इस यात्रा में अब तक दो लाख 72 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

इस बीच, हाल ही में हुई भारी बर्फबारी से पूरा क्षेत्र बर्फ की मोटी चादर से ढक गया है। तापमान में गिरावट के साथ ही अब हेमकुंड क्षेत्र पूरी तरह से शीतकालीन विश्राम में चला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *