उत्तरकाशी में तंदूरी रोटी पर थूकने की घटना से मचा बवाल, प्रदर्शन के बाद बढ़ा तनाव
उत्तरकाशी जिले में एक रेस्टोरेंट के कुक द्वारा तंदूरी रोटी में थूकने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। बताया जा रहा है कि यह रेस्टोरेंट एक विशेष समुदाय के व्यक्ति द्वारा संचालित है। वीडियो सामने आते ही स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों में आक्रोश फैल गया।
वीडियो के वायरल होने के बाद विश्व हिंदू परिषद (VHP), बजरंग दल और उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के कार्यकर्ताओं ने मुख्य बाजार में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कई दुकानों को बंद कराया और हनुमान चौक पर धरना देते हुए प्रशासन से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
हिंदू व्यापारियों ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लेते हुए कहा कि इस तरह की हरकतें समाज में वैमनस्य फैलाने का काम करती हैं, इसलिए दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इस बीच, एसएसपी सरीता डोबाल ने बताया कि शिकायत दर्ज की जा चुकी है और वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि आरोप सही पाए गए तो आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने शहर में गश्त बढ़ा दी है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बरत रहा है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी उत्तरकाशी में धार्मिक विवाद के चलते कई महीनों तक तनाव की स्थिति बनी थी, ऐसे में प्रशासन मौजूदा मामले को लेकर पूरी तरह सतर्क है।
