ChamoliUttarakhand

थराली में पेंशन जागरूकता एवं सहायता शिविर आयोजित — डिजिटल माध्यमों से सशक्त हो रहे पेंशनधारक

उत्तराखण्ड राज्य स्थापना रजत जयंती वर्ष-2025 के अवसर पर निदेशक, कोषागार, पेंशन एवं हकदारी, उत्तराखण्ड देहरादून तथा मुख्यकोषाधिकारी, चमोली के निर्देशों के अनुपालन में उपकोषागार थराली द्वारा आज दिनांक 7 नवम्बर 2025 को पेंशन जागरूकता एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपकोषाधिकारी श्री प्रकाश थपलियाल ने की।

शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन प्रक्रियाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करना एवं उन्हें डिजिटल माध्यमों से सशक्त बनाना रहा। इस दौरान पेंशनधारकों को आयकर नियम, डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) की प्रक्रिया, साइबर सुरक्षा के उपाय तथा गोल्डन कार्ड योजना से जुड़ी जानकारी प्रदान की गई। साइबर सुरक्षा विषय पर विस्तृत जानकारी एस.आई. श्री विनोद चौरसिया द्वारा दी गई।

थराली क्षेत्र के अंतर्गत कार्यरत आहरण एवं वितरण अधिकारियों (DDO) को भी पेंशन प्रक्रिया, पारिवारिक पेंशन प्रारंभ करने में आने वाली कठिनाइयों एवं उनके समाधान के बारे में मार्गदर्शन दिया गया। उपकोषाधिकारी श्री थपलियाल ने बताया कि सरकार पेंशन प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सरल एवं ऑनलाइन आधारित बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। अब पेंशनधारक Jeevan Pramaan App एवं Aadhaar FaceRD App के माध्यम से घर बैठे ही जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। स्वास्थ्य एवं डिजिटल सुविधा एक साथ शिविर में आए पेंशनधारकों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु सी.एच.सी. थराली से डॉ. रुद्र एवं उनकी टीम ने स्वास्थ्य जांच की। साथ ही, राज्य के सभी जन सेवा केंद्र (CSC) पर आधार आधारित बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध है।

राज्य वित्त विभाग द्वारा Integrated Financial Management System (IFMS) पोर्टल को और अधिक उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया गया है, जिससे पेंशनधारकों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। डाक विभाग की पहल इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) द्वारा आरंभ की गई “Jeevan Pramaan Request” सुविधा के माध्यम से अब डाक कर्मचारी पेंशनरों के घर जाकर बायोमेट्रिक सत्यापन कर जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा करेंगे। यह सेवा विशेष रूप से वृद्ध एवं असमर्थ पेंशनधारकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हो रही है।

कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित पेंशनरों को सम्मानित किया गया तथा उन्हें सरकारी योजनाओं से जुड़ने एवं डिजिटल सेवाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया