Uttarakhand

उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ा बढ़ावा: 287 नए डॉक्टरों की सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू

उत्तराखंड के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के लिए 287 नए डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के प्रत्येक अस्पताल में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों, ताकि आम नागरिकों को अपने ही क्षेत्र में बेहतर उपचार मिल सके।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग में साधारण ग्रेड चिकित्साधिकारियों के इन 287 पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 20 नवंबर से शुरू होंगे, जबकि आवेदन करने की अंतिम तिथि 10 दिसंबर निर्धारित की गई है।

सरकार की ओर से चयन बोर्ड को भेजे गए प्रस्ताव में कुल 287 पदों में 231 पद सामान्य सीधी भर्ती के हैं, जबकि 56 बैकलॉग पद शामिल किए गए हैं। जारी विज्ञप्ति के अनुसार आरक्षण वर्गों के हिसाब से पदों का विवरण इस प्रकार है— आरक्षित श्रेणी के 141 पद, अनुसूचित जाति के 70, अनुसूचित जनजाति के 11, अन्य पिछड़ा वर्ग के 38 और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 27 पद।

राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति पर जोर दे रही है। 287 नए डॉक्टरों की यह नियुक्ति भी उसी दिशा में एक बड़ा कदम है, जिससे विभिन्न जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ किया जा सकेगा।

आयु सीमा:

  • न्यूनतम आयु: 21 वर्ष

  • अधिकतम आयु: 42 वर्ष