अंकिता मामले में मुख्यमंत्री धामी का आश्वासन, पीड़ित परिवार की बात सुनेगी सरकार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अंकिता भंडारी की हत्या एक अत्यंत संवेदनशील और हृदय विदारक घटना है, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने इस मामले की न्यायिक प्रक्रिया में पूरी मजबूती के साथ पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप तीनों आरोपियों को अदालत द्वारा उम्रकैद की सजा सुनाई गई।
मंगलवार को सचिवालय स्थित मीडिया हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने हाल ही में सामने आई एक ऑडियो क्लिप का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस ऑडियो की सत्यता की जांच के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। सरकार इस मामले में किसी भी स्तर पर जांच कराने से पीछे नहीं हटेगी और हर पहलू की गहनता से पड़ताल की जाएगी।
मुख्यमंत्री धामी ने दोहराया कि इस प्रकरण में कोई भी दोषी व्यक्ति बच नहीं पाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार कानून के दायरे में रहकर हर आवश्यक कदम उठाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे स्वयं अंकिता के माता-पिता से बातचीत करेंगे और बेटी के न्याय के लिए वे जो भी चाहेंगे, उस पर सरकार संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निर्णय लेगी।
