अंकिता केस में मोड़: मुख्यमंत्री धामी ने CBI जांच की सिफारिश की, अब गेंद केंद्र के पाले में
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता भंडारी के माता-पिता से मुलाकात और बातचीत के बाद इस मामले में एक अहम और बड़ा निर्णय लिया है। सीएम धामी ने अंकिता भंडारी प्रकरण की सीबीआई जांच कराए जाने की संस्तुति केंद्र सरकार को भेज दी है। अब इस मामले में अंतिम फैसला केंद्र सरकार द्वारा लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार ने बिना किसी देरी के पूरी संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि इस गंभीर और संवेदनशील मामले को देखते हुए तुरंत एक महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया, ताकि जांच पारदर्शी और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ सके।
सीएम धामी ने बताया कि जांच के दौरान प्रकरण से जुड़े सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया गया और उन्हें कानून के दायरे में लाया गया। राज्य सरकार की ओर से अदालत में मजबूत और प्रभावी पैरवी की गई, ताकि दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान में सभी आरोपी सलाखों के पीछे हैं और कानून अपना काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या पक्षपात नहीं होने दिया जाएगा। सीबीआई जांच की संस्तुति इसी प्रतिबद्धता का हिस्सा है, ताकि मामले की हर पहलू से निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच हो सके।
