DehradunUttarakhand

देहरादून बन रहा अपराध की राजधानी… अब तिब्बती मार्केट के सामने युवक की गोली मारकर हत्या

देहरादून में तिब्बती मार्केट के सामने दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना ने पूरे शहर को हिला दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आपसी विवाद इस वारदात की वजह बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दो युवक स्कूटी से मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार में बैठे युवक पर अचानक फायरिंग कर दी। गोली सीधे उसके सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन सिंह (40 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अर्जुन सिंह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आए थे। घटना के समय वह अपनी कार में बैठे हुए थे, तभी तेज रफ्तार से आए स्कूटी सवारों ने उन पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस आपसी रंजिश और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है। शहर के व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात से लोगों में दहशत का माहौल है।