नई टिहरी, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में सुरक्षा अलर्ट… बम की धमकी से हड़कंप
उत्तराखंड के New Tehri, Rudraprayag और Uttarkashi में उस समय अफरातफरी मच गई जब जिला न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। उत्तरकाशी में जिला न्यायालय के बाद कलक्ट्रेट परिसर को भी बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस, एलआईयू और खुफिया एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराकर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड द्वारा गहन तलाशी अभियान चलाया गया। कई घंटों तक चले निरीक्षण में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, जिससे अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने राहत की सांस ली।
नई टिहरी जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल मिश्रा और सीओ महेश लखेड़ा के अनुसार, न्यायालय में बम रखने की सूचना ई-मेल के जरिए मिली थी। पूरे परिसर की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया।
वहीं उत्तरकाशी जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर सोमवार सुबह धमकी भरा मेल आया, जिसमें करीब 12 किलो आरडीएक्स लगाने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही एसपी कमलेश उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराया गया और कोर्ट रोड पर यातायात रोक दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ, अग्निशमन दल और देहरादून से बम निरोधक टीम भी जांच में शामिल हुई। देर शाम तक चले सर्च ऑपरेशन में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
पुलिस ने नगर कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि धमकी भरा ई-मेल कहां से भेजा गया, इसकी तकनीकी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
