Uttarakhand

उत्तराखंड में धामी कैबिनेट का विस्तार, खजान दास और भरत सिंह चौधरी समेत 5 मंत्रियों ने ली शपथ

उत्तराखंड में लंबे समय से प्रतीक्षित धामी कैबिनेट विस्तार आखिरकार शुरू हो गया है। शुक्रवार को नवरात्रि के दूसरे दिन राजधानी देहरादून स्थित लोकभवन में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने पांच नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

सबसे पहले खजान दास ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ लेकर समारोह को खास बना दिया। उनके बाद मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा ने भी मंत्री पद की शपथ ली और आधिकारिक तौर पर धामी मंत्रिमंडल का हिस्सा बन गए।

यह विस्तार इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि वर्तमान मंत्रिमंडल में लंबे समय से पांच पद खाली चल रहे थे। इन खाली पदों को भरने के लिए पार्टी और सरकार स्तर पर लगातार मंथन किया जा रहा था। अंततः विधायकों के पिछले चार वर्षों के प्रदर्शन, संगठन में सक्रियता और जनसंपर्क के आधार पर इन नए चेहरों का चयन किया गया।

सूत्रों के मुताबिक, इस कैबिनेट विस्तार में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को विशेष प्राथमिकता दी गई है, ताकि प्रदेश के सभी क्षेत्रों और वर्गों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित हो सके। इससे सरकार को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के लिए यह पहला बड़ा कैबिनेट फेरबदल है। 2022 में सरकार गठन के बाद से ही इस विस्तार की चर्चा चल रही थी और केंद्रीय नेतृत्व के साथ कई दौर की बैठकों के बाद इस पर अंतिम मुहर लगी।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि नवरात्र के शुभ अवसर पर कैबिनेट विस्तार का आयोजन करना सरकार की रणनीति का हिस्सा है, जिससे सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जा सके।

यह विस्तार न सिर्फ राजनीतिक समीकरणों को साधने का प्रयास है, बल्कि सरकार के कामकाज को गति देने और प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।