देहरादून क्लाउडबर्स्ट: प्रेमनगर के पास टॉस नदी में बहे दस मजदूर, अब तक छह की मौत
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में रविवार को अचानक आई बाढ़ ने बड़ा हादसा कर दिया। परवल टॉस नदी में बह जाने से दस मजदूर लापता हो गए, जिनमें से अब तक छह की मौत की पुष्टि हो चुकी है। घटना के बाद नया गांव चौकी क्षेत्र में पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है।
इस आपदा की जानकारी मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर विस्तृत स्थिति जानी। दोनों नेताओं ने राज्य को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए कहा कि केंद्र सरकार इस कठिन घड़ी में उत्तराखंड के साथ मजबूती से खड़ी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि राहत एवं बचाव कार्यों को और तेज़ी से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी पीड़ित परिवार को असुविधा न हो। साथ ही राहत सामग्री, सुरक्षित ठहराव, भोजन, पानी और स्वास्थ्य सुविधाएं तुरंत उपलब्ध कराने के आदेश दिए।
राज्य सरकार के अनुसार प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड पर है। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन लगातार सक्रिय हैं और बचाव एवं राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं।
