नैनीताल: अनियंत्रित होकर सड़क पर पलटी बस, एक की गई जान, 8 की हालत नाजुक
नैनीताल जिले के ज्योलीकोट–भवाली मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी से डीडीहाट जा रही कुमाऊं मोटर्स ओनर्स यूनियन (केमू) की बस खुपी के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक बस सुबह करीब 7:30 बजे हल्द्वानी से रवाना हुई थी। जैसे ही बस भूमियाधार क्षेत्र के खुपी के पास पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क पर ही पलट गई। उस समय बस में चालक और परिचालक सहित कुल 16 लोग सवार थे।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बस से निकालकर तुरंत अस्पताल भेजा गया।
गंभीर रूप से घायल 6 यात्रियों को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार भवाली स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। हादसे में एक लगभग 44 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जिसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। इसी दौरान बस ने एक मैक्स वाहन को भी हल्की टक्कर मारी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
