Uttarakhand

आज से उत्तराखंड में लागू होगी वीबी जी राम जी योजना, अब 125 दिन मिलेगा रोजगार

उत्तराखंड में आज से विकसित भारत ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (वीबी जी राम जी) लागू हो रही है। इस योजना के साथ अब राज्य में ग्रामीण श्रमिकों को एक वर्ष में 125 दिनों के रोजगार का अवसर मिलेगा। नई व्यवस्था को केंद्र की पूर्ववर्ती मनरेगा योजना के स्थान पर लागू किया गया है।

केंद्र सरकार ने इस योजना को लेकर 11 मई को दिशा-निर्देश जारी किए थे। इसके बाद उत्तराखंड सरकार ने मंगलवार को गजट अधिसूचना जारी कर योजना को औपचारिक मंजूरी दे दी।

नई योजना के तहत श्रमिकों को केवल ग्रामीण विकास कार्यों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि जल संरक्षण, ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने और आपदा राहत एवं पुनर्वास से जुड़े कार्यों में भी रोजगार दिया जाएगा।

वीबी जी राम जी योजना के अंतर्गत कुल 318 प्रकार के कार्य शामिल किए गए हैं। इनमें 97 कार्य मरम्मत एवं रखरखाव, 88 कार्य ग्रामीण आधारभूत ढांचे के विकास, 107 कार्य जल संरक्षण, 86 कार्य ग्रामीण आजीविका, तथा 37 कार्य आपदा राहत एवं पुनर्वास से संबंधित होंगे। आधारभूत ढांचे के कार्यों में 52 नए निर्माण और 36 पुनर्निर्माण के कार्य भी शामिल हैं।

सरकार का मानना है कि इस नई योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ-साथ प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, आधारभूत सुविधाओं का विकास और आपदा प्रबंधन को भी मजबूती मिलेगी।