Uttarakhand

उत्तराखंड में बारिश के बीच फ्लैश फ्लड का अलर्ट, 12 जिलों में बढ़ा अचानक बाढ़ का खतरा

उत्तराखंड में लगातार जारी बारिश के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के 12 जिलों में फ्लैश फ्लड यानी आकस्मिक बाढ़ के खतरे को लेकर चेतावनी जारी की है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के हाइड्रोमेट डिवीजन स्थित फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल के ताजा बुलेटिन के अनुसार 11 अगस्त की शाम 5:30 बजे तक प्रदेश के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में कम से मध्यम स्तर की आकस्मिक बाढ़ का जोखिम बना रह सकता है।

बुलेटिन के मुताबिक अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान फ्लैश फ्लड की स्थिति बन सकती है।

लगातार बारिश के चलते निचले इलाकों में सतही जल बहाव और जलभराव की समस्या सामने आने की आशंका जताई गई है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने और भूस्खलन जैसी घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने कहा कि मौसम विभाग और अन्य तकनीकी संस्थानों से मिल रही पूर्व चेतावनियों को देखते हुए राज्य का आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

उन्होंने बताया कि संभावित फ्लैश फ्लड, जलभराव, भूस्खलन और नदी-नालों में अचानक बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सभी जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू करने के लिए संबंधित एजेंसियों को तैयार रखा गया है।