केदारनाथ उपचुनाव: भाजपा में भी ठनी है रार… ऐश्वर्या बोली टिकट न मिला तो जो मेरे कार्यकर्ता कहेंगे वो निर्णय लूंगी – Jantak.com
RudraprayagUttarakhand

केदारनाथ उपचुनाव: भाजपा में भी ठनी है रार… ऐश्वर्या बोली टिकट न मिला तो जो मेरे कार्यकर्ता कहेंगे वो निर्णय लूंगी

केदारनाथ उपचुनाव में टिकट के दो दावेदारों की गतिविधियों ने भाजपा को असहज कर दिया है। विधानसभा सीट पर विधायक रहीं दिवंगत शैला रानी रावत की बेटी ऐश्वर्या रावत की फेसबुक पर टिकट की दावेदारी को लेकर एक पोस्ट डाली गई है, जिसे पार्टी नेतृत्व ने बेहद गंभीरता से लिया। सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने पोस्ट के संबंध ऐश्वर्या से पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि ऐश्वर्या ने सफाई दी है कि उनका फेसबुक अकाउंट हैक कर यह पोस्ट डाली गई है। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को शिकायत की है।

सूत्रों का कहना है कि पार्टी उनके जवाब से पूरी तरह संतुष्ट नहीं है और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। उपचुनाव की नजाकत को देखते हुए पार्टी अभी वेट एंड वाच की मुद्रा में है। टिकट घोषित होने के बाद जो स्थितियां बनेंगी, उसी हिसाब से पार्टी अपना अगला कदम तय करेगी। सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय नेतृत्व कल तक पार्टी प्रत्याशी की घोषणा कर सकता है। इसे देखते हुए टिकट के दावेदारों ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इस बीच कुलदीप सिंह रावत की सोशल मीडिया पर बयानबाजी और ऐश्वर्या रावत की फेसबुक पोस्ट के सियासी मायने टटोले जा रहे हैं। दोनों नेता सीएम से लेकर प्रदेश अध्यक्ष व सांसदों से संपर्क के जरिये अपनी दावेदारी मजबूत करने का प्रयास कर रहे हैं। चर्चा तो यहां तक है कि टिकट न मिलने की स्थिति में उन्होंने दूसरा विकल्प भी खुला रखा हुआ है।

टिकट की दावेदारी को लेकर हो रही अटकलों के बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रत्याशी कोई भी हो, केदारनाथ में कमल खिलना तय है। समय पर नाम सामने आए जाएगा। चर्चा विमर्श तो सिर्फ सबसे बड़ी जीत हासिल करने वाले नाम पर हो रही है। यह चुनाव विकास एवं विरासत के सकारात्मक मुद्दे का झूठ, फरेब, सनातन विरोध के नकारात्मक एजेंडे पर जीत का होगा। भट्ट ने कहा, केंद्रीय नेतृत्व के पास केदारनाथ उपचुनाव प्रत्याशियों को लेकर सभी संभावित नामों का पैनल है। प्रत्येक दावेदार इस सीट पर अच्छे अंतर से जीत दर्ज कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *