उत्तराखंड को मिलेगी रैपिड रेल की सौगात, दिल्ली से ऋषिकेश तक 160 KM की रफ्तार से दौड़ेगी ट्रेन
दिल्ली-एनसीआर से उत्तराखंड की कनेक्टिविटी बेहतर बनाने की दिशा में नमो भारत रैपिड रेल परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक प्रस्तावित कॉरिडोर के लिए अब संभावित रूट पर विचार-विमर्श शुरू हो गया है। इसके तहत मुजफ्फरनगर और सहारनपुर, दो विकल्पों को लेकर मंथन किया जा रहा है।
परियोजना का अंतिम रूट तय करने के लिए दोनों मार्गों की भौगोलिक परिस्थितियों, तकनीकी संभावनाओं और यातायात कनेक्टिविटी का आकलन किया जाएगा। उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूकेएमआरसी) इस संबंध में पहले ही अध्ययन कर चुका है। इसकी रिपोर्ट राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) को सौंपी जा चुकी है। अब इसी अध्ययन को परियोजना के अगले चरण में आधार बनाया जा रहा है। हालांकि, अंतिम अलाइनमेंट डीपीआर और विस्तृत तकनीकी परीक्षण के बाद ही निर्धारित होगा।
दो रूट पर विचार, सहारनपुर का रास्ता 40 किमी छोटा
प्रस्तावित कॉरिडोर के लिए मुजफ्फरनगर और सहारनपुर दोनों मार्गों के अपने फायदे हैं। मुजफ्फरनगर के रास्ते रेल कॉरिडोर बनने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों को नमो भारत नेटवर्क से जोड़ने का अवसर मिलेगा। दूसरी ओर, सहारनपुर के रास्ते परियोजना आगे बढ़ने पर इस क्षेत्र के लोगों को उत्तराखंड के लिए तेज और आधुनिक रेल सुविधा मिल सकेगी। प्रारंभिक आकलन के अनुसार सहारनपुर वाला विकल्प करीब 40 किलोमीटर छोटा है।
दिल्ली से ऋषिकेश तक तीन घंटे में पहुंच सकेंगे यात्री
प्रस्तावित दिल्ली-हरिद्वार-ऋषिकेश नमो भारत कॉरिडोर की लंबाई लगभग 232 किलोमीटर बताई जा रही है। इस रूट पर ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 160 किलोमीटर प्रति घंटा प्रस्तावित है। परियोजना पूरी होने पर दिल्ली से हरिद्वार का सफर करीब ढाई घंटे और दिल्ली से ऋषिकेश की दूरी लगभग तीन घंटे में तय की जा सकेगी।
कमाई नहीं, आर्थिक और सामाजिक लाभ पर होगा जोर
परियोजना के वित्तीय आकलन के लिए पारंपरिक बिजनेस मॉडल के बजाय इकोनॉमिक रेट ऑफ रिटर्न (ERR) मॉडल अपनाने की पैरोकारी की गई है। इस मॉडल में केवल टिकट से होने वाली कमाई को आधार नहीं बनाया जाएगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, यात्रा लागत में कमी, रोजगार सृजन और क्षेत्र में नए निवेश जैसे व्यापक आर्थिक एवं सामाजिक लाभों का भी मूल्यांकन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेरठ से ऋषिकेश तक नमो भारत ट्रेन का विस्तार उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को नई दिशा देगा। इससे प्रदेश को तेज, सुरक्षित और आधुनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। राज्य सरकार इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए एनसीआरटीसी के साथ लगातार समन्वय कर रही है।

