उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 IAS-PCS अधिकारियों के तबादले; नैनीताल-अल्मोड़ा को मिले नए DM
उत्तराखंड में शासन स्तर पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने शुक्रवार, 27 नवंबर की देर रात पांच आईएएस और पांच पीसीएस अधिकारियों समेत कुल 10 अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस फेरबदल में नैनीताल और अल्मोड़ा के जिलाधिकारियों की जिम्मेदारी भी बदल दी गई है। इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार और खेल एवं युवा कल्याण विभाग में भी अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया गया है।
शासन की ओर से 27 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को नई जिम्मेदारी देते हुए अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग तथा अपर सचिव मुख्यमंत्री बनाया गया है। वहीं, अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की निदेशक दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इस बदलाव के साथ दोनों जिलों को नए जिलाधिकारी मिल गए हैं।
पांच IAS अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
- ललित मोहन रयाल – जिलाधिकारी नैनीताल से हटाकर अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग तथा अपर सचिव मुख्यमंत्री बनाया गया है।
- अंशुल सिंह – जिलाधिकारी अल्मोड़ा से स्थानांतरित कर जिलाधिकारी नैनीताल बनाया गया है।
- दीप्ति सिंह – निदेशक खेल एवं युवा कल्याण से स्थानांतरित कर जिलाधिकारी अल्मोड़ा बनाया गया है।
- विनीत तोमर – प्रबंध निदेशक, कुमाऊं मंडल विकास निगम के साथ जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
- निधि यादव – कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग से हटाकर अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण तथा निदेशक खेल एवं युवा कल्याण की जिम्मेदारी दी गई है।
पांच PCS अधिकारियों के भी तबादले
- कृष्ण कुमार मिश्र (केके मिश्र) – अपर जिलाधिकारी देहरादून से अपर जिलाधिकारी हरिद्वार बनाया गया है।
- पंकज कुमार उपाध्याय – अपर मेलाधिकारी, कुंभ मेला हरिद्वार के साथ अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
- वैभव गुप्ता – अपर जिलाधिकारी हरिद्वार से अपर जिलाधिकारी देहरादून बनाया गया है।
- सीमा विश्वकर्मा – अल्मोड़ा से स्थानांतरित कर डिप्टी कलेक्टर नैनीताल बनाया गया है।
- सुधीर कुमार – डिप्टी कलेक्टर नैनीताल से स्थानांतरित कर डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा बनाया गया है।
शासन के इस आदेश के बाद कुमाऊं मंडल के दो प्रमुख जिलों के प्रशासनिक नेतृत्व में बदलाव हुआ है। वहीं, देहरादून और हरिद्वार में भी प्रशासनिक जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण किया गया है।

