Tehri Garhwal

टिहरी: चंबा-कोटी कॉलोनी मार्ग पर दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी गाड़ी, 8 की मौत, 2 गंभीर घायल

टिहरी जिले में चंबा-कोटीकॉलोनी मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। नैल के समीप एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। बताया जा रहा है कि वाहन में आठ से अधिक लोग सवार थे, जो घनसाली क्षेत्र के नैलचामी के थौलधार गांव के निवासी थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी लोग किसी परिजन के अंतिम संस्कार में शामिल होने हरिद्वार गए थे और वहां से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह भीषण हादसा हो गया। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि वाहन सीधे गहरी खाई में जा गिरा, जिससे मौके पर ही 8 लोगों की दर्दनाक मृत्यु हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। रेस्क्यू अभियान के दौरान दो गंभीर रूप से घायल लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है और उन्हें तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी ले जाया जा रहा है।

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। एक ही गांव के इतने लोगों की एक साथ मृत्यु होने से गांव में मातम पसरा हुआ है। प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है, वहीं मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने की बात कही गई है।